राहुल गांधी और कमल नाथ के बीच लंबी चर्चा, MP में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना

राहुल गांधी और कमल नाथ के बीच लंबी चर्चा, MP में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना


मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने राहुल गांधी से नई दिल्ली में लंबी चर्चा की, जिसमें विधानसभा चुनाव और संगठन की सक्रियता पर बात हुई। कमल नाथ को अभी कोई संगठनात्मक दायित्व नहीं सौंपा गया है, लेकिन उन्हें आगामी चुनाव में सहयोगी दलों के समन्वय का दायित्व मिल सकता है। उमंग सिंघार को विदर्भ का वरिष्ठ समन्वयक बनाया गया है।

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ की मंगलवार को नई दिल्ली उनके आवास पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से लंबी चर्चा हुई। विधानसभा चुनाव के बाद से कमल नाथ के पास संगठन का कोई दायित्व नहीं है। संभावना जताई जा रही है कि उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में सहयोगी दलों के साथ समन्वय बनाने का दायित्व दिया जा सकता है।

राहुल गांधी, कमल नाथ से मिले

प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों का कहना है कि राहुल गांधी, कमल नाथ से मिलने उनके आवास पर पहुंचे थे। दोपहर भोज पर दोनों के बीच आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के अलावा प्रदेश में संगठन की सक्रियता बढ़ाने सहित अन्य विषयों पर लंबी चर्चा हुई।

विधानसभा चुनाव के बाद कमल नाथ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाकर जीतू पटवारी को अध्यक्ष बनाया था। लोकसभा चुनाव में भी कमल नाथ छिंदवाड़ा तक ही सीमित रहे। हालांकि, उनकी पहल पर ही यहां के ब्लाक कांग्रेस और विधानसभा अध्यक्षों को बदला गया है।

उमंग सिंघार को बनाया विदर्भ का वरिष्ठ समन्वयक

उधर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने महाराष्ट्र चुनाव के लिए अलग-अलग क्षेत्रों के वरिष्ठ समन्वयक नियुक्त किए हैं। इसमें मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को विदर्भ (अमरावती और नागपुर) क्षेत्र का समन्वयक बनाया है। इसके पहले प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता कुणाल चौधरी को राष्ट्रीय सचिव बनाकर महाराष्ट्र का प्रभारी बनाया है।