ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे ऑटो को मारी टक्कर, युवक की मौत, पांच गंभीर घायल

ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे ऑटो को मारी टक्कर, युवक की मौत, पांच गंभीर घायल


बड़वारा थाना क्षेत्र में नन्हवारा खुर्द गांव के पास ट्रैक्टर और ऑटो की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। मृतक सुरेंद्र यादव (35) का उपचार के दौरान निधन हुआ।

बड़वारा थाना में नन्हवारा खुर्द गांव के पास एक ट्रैक्टर और ऑटो के बीच भिड़ंत हो गई। इस गंभीर हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार नन्हवारा खुर्द के आधा दर्जन निवासी ऑटो में सवार होकर कटनी से अपने गांव लौट रहे थे। शाम लगभग 7 बजे गांव से एक किलोमीटर दूर पहुंचने पर सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस भिड़ंत में ऑटो में सवार सभी लोग घायल हो गए हैं।

अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे के बाद सभी घायलों को बड़वारा अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उपचार के दौरान 35 वर्षीय सुरेंद्र यादव पिता श्याम लाल यादव की मौत हो गई।

घायलों की पहचान

  1. अनिल यादव (30 साल)
  2. रामबाई कोल पति जियालाल (38 साल)
  3. ओमकार यादव (18 साल)
  4. शिव प्रसाद चौधरी पिता विश्राम चौधरी (47 साल)
  5. रामु यादव पिता दुखिलाल (33 साल)

सभी घायल नन्हवारा खुर्द के निवासी हैं। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को मरचुरी में रखवाया है। बुधवार की सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

दूसरी खबर- पुलिस ने 3 घंटे में दो जेसीबी की मदद से निकाला शव

नईदुनिया न्यूज, दमुआ। दमुआ सारणी स्टेट हाईवे पर झिरी घाट से आगे पोटिया घाट पर एक टिंबर से भरा रोडसेल ट्रक ब्रेक फेल होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

यह हादसा इतना गंभीर था कि ट्रक चालक मुकेश बेले (37) की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कंडक्टर महेश उइके को पैर और सिर में चोटें आईं।

हादसे की सूचना मिलते ही दमुआ पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। टीआई आशीष कुमार ने उपनिरीक्षक राम नारायण दाहिया और आरक्षक अजय उइके को मौके पर भेजा।

आम लोगों की मदद से कंडक्टर को तुरंत दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

शव निकालने में आई कठिनाई

मुकेश बेले के शव को निकालने में काफी समय लगा। पुलिस ने दो जेसीबी मशीनों की सहायता से तीन घंटे से अधिक समय में शव को बाहर निकाला।

यह भी जानकारी मिली है कि दोनों चालक मुकेश बेले और कंडक्टर महेश उइके, जुन्नारदेव के दातला क्षेत्र के निवासी हैं।

ब्रेक फेल होने से हुई दुर्घटना

पुलिस के अनुसार, इंदौर का वाहन टिंबर भरकर दातला से इंदौर की ओर प्रस्थान किया था। यह वाहन दमुआ से आगे मुश्किल से 10 किलोमीटर दूर पहुंचा था कि दुर्घटना का शिकार हो गया। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होने को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।