इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह, ऐक्शन में मुंबई पुलिस; पहुंची राजनांदगांव

इंडिगो फ्लाइट में बम की अफवाह, ऐक्शन में मुंबई पुलिस; पहुंची राजनांदगांव


एअर इंडिया और इंडिगो विमानन कंपनी के विमानों में बम होने की अफवाह के मामले में मुंबई पुलिस छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले पहुंची और एक नाबालिग, उसके पिता और कुछ अन्य लोगों से पूछताछ की। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को ‘एक्स’ पर एअर इंडिया के मुंबई से न्यूयॉर्क जाने वाले और इंडिगो कंपनी के मुंबई से मस्कट तथा मुंबई से जेद्दाह जाने वाले विमानों में बम होने की धमकी दी गई थी।

पोस्ट में इंडिगो कंपनी की उड़ान संख्या 6ई-1275 (मुंबई से मस्कट) और उड़ान संख्या 6ई-57 (मुम्बई से जेद्दाह) में टाइम बम लगाने तथा एअर इंडिया की उड़ान संख्या एआई 119 (मुंबई से न्यूयॉर्क) में छह किलोग्राम आरडीएक्स व छह आतंकवादियों के होने का जिक्र किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि ट्वीट के राजनांदगांव से संबंधित होने के बारे में जानकारी मिलने के बाद रायपुर साइबर प्रकोष्ठ, कोतवाली पुलिस और राजनांदगांव साइबर प्रकोष्ठ ने मामले से संबंधित इलेक्ट्रॉनिक डेटा एकत्रित किया था। उन्होंने बताया कि इस मामले के संबंध में मुंबई पुलिस एक अज्ञात आरोपी तथा ट्विटर हैंडलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस का एक दल सोमवार को राजनांदगांव पहुंचा और राजनांदगांव के रहने वाले एक नाबालिग, उसके पिता तथा जिन लोगों के नाम के खातों से पोस्ट किया गया था उन्हें नोटिस दिया तथा मुंबई में पूछताछ के लिए तलब किया। राजनांदगांव जिले के पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया कि मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है। इस संबंध में अधिक जानकारी मुंबई पुलिस द्वारा ही दी जाएगी।